डीग के राजकीय स्कूल परिसर के बाहर छात्र-छात्राएं साइकिल रैली के लिए खड़े हैं।

डीग में पंचायतीराज चुनाव के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बाइक, साइकिल और मैराथन रैलियों के जरिए अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार, 27 अक्टूबर को जिले की विभिन्न पंचायत समितियों, शिक्षण संस्थानों और कार्यालयों की ओर से मतदाता जागरूकता रैलियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को मतदान के महत्व का संदेश दिया गया।

जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पंचायत समिति डीग के कार्मिकों ने बाइक रैली निकालकर मतदाता जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया। वहीं, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खोहरी और गंगावक के छात्र-छात्राओं ने साइकिल रैली के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इसी क्रम में कामां ब्लॉक में राजकीय महाविद्यालय कामां की ओर से बाइक रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। बृजनगर ब्लॉक में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बासबुर्जा ने भी अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों और कार्मिकों की सहभागिता से मतदाता जागरूकता गतिविधियों को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करना और मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विभिन्न शिक्षण संस्थानों और पंचायत समितियों के माध्यम से संचालित ये गतिविधियां पंचायतीराज चुनाव में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के अभियान का हिस्सा हैं।

Tags: