तस्वीर में नवनिर्वाचित भुसावर नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश तिवाड़ी और अन्य लोग एक तस्वीर भेंट करते दिख रहे हैं।   

भुसावर। राजस्थान में हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव 2026 के बाद प्रदेश की विभिन्न नगर पालिकाओं के नवनिर्वाचित अध्यक्षों और चेयरमैनों ने आधिकारिक तौर पर पदभार संभालना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर दूसरी बार निर्वाचित हुए मुकेश तिवाडी ने बुधवार 23 सितम्बर को नगरपालिका कार्यालय में पदभार संभाल लिया।

नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत भुसावर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया 21 सितम्बर सोमवार को इटामडा सड़क मार्ग स्थित उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में सुबह 10:00 बजे रिटर्निंग अधिकारी राधेश्याम मीणा के निर्देशन में हुई। मतदान में सभी 25 वार्डों के पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद मुकेश तिवाडी को 22 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति पाण्डेय ने 3 मत प्राप्त किए।

इसके बाद उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में नगर पालिका भुसावर के अध्यक्ष पद पर दूसरी बार निर्वाचित हुए मुकेश तिवाडी को प्रमाण पत्र सौंपा गया और शपथ दिलाई गई। बुधवार 23 सितम्बर को उन्होंने भुसावर नगर पालिका के नए अध्यक्ष के रूप में नगरपालिका कार्यालय में पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी राधेश्याम मीणा, नगरपालिका के अधिषासी अधिकारी राजेश शर्मा, नगरपालिका के उपाध्यक्ष बने लवकेश सैनी, मानव सिंघल, प्रदीप झालाटाला, सफाई निरीक्षक विष्णु शर्मा सहित नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी, नव निर्वाचित पार्षद तथा मुकेश तिवाडी के समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान नव निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उपखण्ड अधिकारी एवं ईओ का माला और साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।

ज्ञात हो कि मुकेश तिवाडी लगातार सातवीं बार पार्षद बने हैं। वे वर्ष 2016 से 2020 तक पूर्व में भी नगर पालिका भुसावर के अध्यक्ष रह चुके हैं। अब दूसरी बार अध्यक्ष पद संभालने के बाद उन्होंने शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं।

मुकेश तिवाडी ने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों और सभी वर्गों को साथ लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने सफाई, रोशनी, सड़क और नालियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। अध्यक्ष पद का पदभार संभालने के साथ ही इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दिए जाने की बात भुसावर नगर पालिका के आगामी कार्यों की दिशा को सामने रखती है।

Tags: