तस्वीर में भुसावर के मंदिर में सजी राधा कृष्ण प्रतिमा के सामने महिलाएं खड़ी हैं।   

भुसावर में शनिवार 19 सितम्बर को राधा अष्टमी का प्रकाट्य उत्सव जन्मोत्सव के रूप में श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर तहसील एवं ब्रज संस्कृति का हिस्सा होने के कारण भुसावर सहित उपखण्ड क्षेत्र के ग्रामीण परिक्षेत्र के राधाकृष्ण मंदिरों में राधारानी के प्रकाट्य दिवस पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए।

भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर भुसावर के प्रमुख राधा कृष्ण युगल किशोर जी महाराज मंदिर, कोठी वाले हनुमान जी मंदिर प्रांगण, लक्ष्मण जी मंदिर, दाऊजी महाराज मंदिर, हूंकारेश्वर महादेव मंदिर, भगत राज वाले हनुमान जी मंदिर, पंचमुखी हनुमान जी मंदिर और बनखण्डी वाले हनुमान जी मंदिर आदि के परिसरों में स्थित राधा कृष्ण मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों, फूल मालाओं और गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया।

श्रद्धालुओं ने राधारानी की प्रतिमा का दूध, दही, शहद और पंचामृत से अभिषेक किया। इसके बाद राधारानी और भगवान श्री कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। फूल बंगला झांकी में सजी झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया।

राधा कृष्ण मंदिरों में महिला भक्त मंडल की ओर से ढोलक, झांझ और मंजीरा की थाप पर हरि नाम संकीर्तन किया गया। महिला भक्तों ने पारंपरिक बधाई और गीतों का गायन करते हुए भजनों पर नृत्य कर अपनी हाजिरी लगाई।

राधा कृष्ण मंदिरों में आरती के बाद श्रद्धालुओं को पंचामृत, फल और विशेष मिठाइयों का प्रसाद वितरित किया गया। राधा अष्टमी के अवसर पर भुसावर सहित उपखण्ड क्षेत्र के राधाकृष्ण मंदिरों में दिनभर धार्मिक आयोजन और भक्ति का माहौल बना रहा।

Tags: