तस्वीर में बयाना नगरपालिका कार्यालय में अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपते हुए प्रत्याशी और समर्थक।

बयाना नगरपालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की उषा अग्रवाल के निर्विरोध चुने जाने के बाद अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के दो पार्षदों और कांग्रेस की एक पार्षद ने नामांकन दाखिल किया है। तीन प्रत्याशियों के मैदान में होने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। हालांकि, दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है, जिसके बाद चुनाव की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अलका श्रीवास्तव के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड 8 से भाजपा पार्षद धनेश शर्मा, वार्ड 12 से भाजपा पार्षद प्रबल कुमार शर्मा और वार्ड 20 से कांग्रेस पार्षद प्रेमवती ने नामांकन दाखिल किया है।

धनेश शर्मा को भाजपा समर्थित प्रत्याशी बताया जा रहा है। उनके नामांकन के दौरान भाजपा चुनाव प्रभारी अभय शंकर विजयवर्गीय, प्रस्तावक पार्षद दिनेश शर्मा, पूर्व पार्षद गौरव शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य दिनेश पचौरी, बलदेव तिवारी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं भाजपा के ही पार्षद प्रबल कुमार शर्मा के चुनाव मैदान में उतरने से पार्टी के सामने दोनों प्रत्याशियों के बीच समर्थन जुटाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

बयाना नगरपालिका बोर्ड में कुल 35 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 11, कांग्रेस के 2 और 22 निर्दलीय पार्षद हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए 18 वोटों का समर्थन जरूरी होगा। ऐसे में 22 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जिस प्रत्याशी के पक्ष में जाता है, उससे उपाध्यक्ष चुनाव के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।

नामांकन वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर नगरपालिका कार्यालय में प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अलका श्रीवास्तव और तहसीलदार नीतेश कुमार गोयल की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नगरपालिका कार्यालय में पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है। अब नाम वापसी की समयसीमा के बाद स्पष्ट होगा कि उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला किन प्रत्याशियों के बीच रहता है।

Tags: