भरतपुर में रन फॉर यूनिटी: सरदार पटेल की जयंती पर दौड़कर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश
भरतपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। जिला कलक्टर कमर चौधरी और एसपी राजेश कुमार मीना ने दौड़ को रवाना किया। जानिए कलेक्ट्रेट से शास्त्री पार्क तक हुए आयोजन में किन-किन लोगों ने भाग लिया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भरतपुर में आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' एकता दौड़।
भरतपुर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश के साथ शनिवार, 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर आयोजित इस एकता दौड़ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों, युवाओं और आमजन ने भाग लेकर आपसी सद्भाव एवं राष्ट्र की एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला कलेक्ट्रेट परिसर से जिला कलक्टर कमर चौधरी एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कलक्टर ने उपस्थित प्रतिभागियों को देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनकी परिकल्पना को साकार बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कलेक्ट्रेट से शास्त्री पार्क तक निकाली गई एकता दौड़
एकता दौड़ शनिवार सुबह 7 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ हुई। यातायात चौराहे से होते हुए दौड़ शास्त्री पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जिला कलक्टर कमर चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना, एडीएम प्रशासन राजीव शर्मा, एडीएम सिटी राहुल सैनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, सीओ सिटी योगेश कुमार, नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, नगर निगम सचिव प्रताप सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र गोपालिया सहित स्काउट कमिश्नर गिर्राज गर्ग, दिनेश कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इसके अलावा सेना, पुलिस एवं आरएसी के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों, शिक्षकों, खेल प्रेमियों, महिलाओं, सामाजिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से भरतपुर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, संप्रभुता और आपसी सद्भाव बनाए रखने के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।