भरतपुर में व्यापारियों संग पुलिस की बैठक, औद्योगिक सुरक्षा और अपराध रोकथाम पर जोर

भरतपुर पुलिस ने औद्योगिक और व्यापारिक सुरक्षा को लेकर व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित कीं। बैठक में सीसीटीवी, साइबर ठगी, यातायात व्यवस्था और अपराध रोकथाम जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

Update: 2026-08-04 10:35 GMT

तस्वीर में भरतपुर के एक पुलिस थाने के कक्ष में पुलिस अधिकारी और बैठे हुए व्यापारी नजर आ रहे हैं।

भरतपुर में औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस की ओर से थाना स्तर पर व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में जिले के विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में आयोजित इन बैठकों में व्यापार मंडल पदाधिकारी, उद्योगपति, व्यापारी और संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।

बैठकों के दौरान व्यापारियों और नागरिकों की क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। प्राप्त शिकायतों और सुझावों के समाधान के लिए पुलिस अधिकारियों की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

बैठकों में औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें नियमित रूप से चालू रखने का आग्रह किया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता से किसी भी आपराधिक घटना की रोकथाम और घटनाओं के शीघ्र अनुसंधान में सहायता मिल सकती है।

इस दौरान बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण, साइबर ठगी से बचाव, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग प्रबंधन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने सहित पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

व्यापार मंडल के साथ हुई बैठकों में थाना प्रभारियों ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों, उद्योगपतियों और आमजन की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की प्रभावी रोकथाम और औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भरतपुर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

जिला पुलिस आमजन और व्यापारिक समुदाय के साथ निरंतर संवाद एवं सहभागिता के माध्यम से अपराधमुक्त, सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Tags:    

Similar News