बयाना में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 21 वरिष्ठ नागरिक सम्मानित
अपनाघर सेवा समिति ने अग्रवाल मैरिज होम में कार्यक्रम आयोजित कर बुजुर्गों को रामचरितमानस, शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
तस्वीर में अपनाघर सेवा समिति के बैनर तले आयोजित सम्मान समारोह में लोग बैठे दिख रहे हैं।
बयाना। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर अपनाघर सेवा समिति की ओर से बुधवार को गणेशी मार्केट स्थित अग्रवाल मैरिज होम में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समिति की ओर से 21 वरिष्ठ महिला एवं पुरुष नागरिकों का सम्मान किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्ग ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के भंडार होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को जीवन में सही दिशा मिलती है। बदलते सामाजिक परिवेश में संयुक्त परिवारों के टूटने तथा बुजुर्गों के अकेलेपन का शिकार होने पर वक्ताओं ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन घर-परिवार की धुरी होते हैं और उनके सम्मान एवं देखभाल की जिम्मेदारी परिवार तथा समाज दोनों की है।
समिति पदाधिकारियों ने सम्मानित वरिष्ठजनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें शॉल, ‘सेवापरमो धर्म’ का पटका, सेवाधर्म पुस्तक, प्रशस्ति पत्र तथा रामचरित मानस भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समिति संरक्षक बनवारीलाल हरजाई व अनिल जैन, क्षेत्रीय अध्यक्ष इंदु शुक्ला, पुरुष इकाई अध्यक्ष योगेश सर्राफ, महिला इकाई अध्यक्ष पूनम सक्सेना सहित सुरेश चंद सिंघल, जगदीश सर्राफ, प्रदीप सिंघल, सतीश अवस्थी, मनोज अग्रवाल, पूरनचंद गुप्ता, द्वारिका प्रसाद, धूजीराम गुप्ता, प्रदीप शर्मा, पवन सिंघल, बबिता जैन, संतोष गुप्ता एवं राजश्री शर्मा मौजूद रहे।