बारां के मनिहारा महादेव धाम में आंवला नवमी पर पूजा करती अग्रवाल महिला सम्मेलन की सदस्य दिख रही हैं।   

बारां में अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की सदस्यों ने पवित्र कार्तिक मास में आंवला नवमी के अवसर पर कोटा रोड स्थित मनिहारा महादेव धाम में धार्मिक आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सामूहिक दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

जिलाध्यक्ष मंजू आनंद गर्ग और महामंत्री पिंकी गोयनका ने बताया कि आयोजन में सम्मेलन की सभी महिला सदस्य पारंपरिक लाल साड़ी पहनकर एकत्रित हुईं। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष के समीप विधि-विधान से पूजा की। इसके बाद वृक्ष पर सूत का धागा लपेटकर परिक्रमा की और भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी से परिवार की सुख-समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।

प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशि गर्ग ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास में आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन करने और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी मान्यता के अनुरूप महिलाओं ने शाम को सामूहिक दीपदान किया।

कोषाध्यक्ष नीतू गर्ग और मंजू बंसल ने बताया कि पूजा-अर्चना के बाद सभी महिलाओं ने गौ माता को चारा और गुड़ खिलाया। इसके बाद सामूहिक रूप से दीपदान किया गया। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर सामूहिक भोजन भी किया।

इस अवसर पर मंडल की बबीता गर्ग, नीतू गुप्ता, शीला सिंघल नमक, नेहा गुप्ता, शकुंतला गुप्ता, निशा गोयनका और बबली अग्रवाल उपस्थित रहीं। अंत में जिलाध्यक्ष मंजू आनंद ने सभी को कार्तिक मास के पवित्र महीने की हार्दिक बधाई दी।

Tags: