बारां स्थित श्री सिलोरी धाम सभागार में महाशिवरात्रि पर आयोजित होने वाले 51 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पीठाधीश्वर रघुवीर महाराज के मार्गदर्शन में बैठक करते सेवा समिति के कार्यकर्ता।

बारां। महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले के वनवासी अंचल में स्थित सिद्ध पीठ श्री सिलोरी धाम में 51 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। श्री सिलोरी धाम सेवा समिति के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए श्री सिलोरी धाम सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक श्री सिलोरी धाम के पीठाधीश्वर श्री रघुवीर महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। सेवा समिति के प्रवक्ता सोनू ने बताया कि सर्वसमाज के सहयोग से धाम परिसर में 51 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराने का संकल्प लिया गया है। इसी को लेकर बैठक में विवाह सम्मेलन की व्यवस्थाओं, आयोजन की रूपरेखा और समाज की सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बैठक में वनवासी कल्याण परिषद से नरेंद्र कुमार, समिति कार्यकर्ता धनराज गौतम और श्याम पालीवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके साथ ही विवाह सम्मेलन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने और आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया।

इस अवसर पर पीठाधीश्वर रघुवीर महाराज ने कहा कि निर्धन कन्याओं का विवाह संपन्न कराना केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता का पुनीत कार्य है। ऐसे आयोजनों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से जरूरतमंद परिवारों को संबल मिलता है। साथ ही समाज में सहयोग और आत्मीयता की भावना मजबूत होती है।

श्री सिलोरी धाम सेवा समिति की ओर से सर्वसमाज के सहयोग से आयोजित होने वाला यह सामूहिक विवाह सम्मेलन 51 निर्धन कन्याओं के विवाह का माध्यम बनेगा। इसके लिए समिति ने तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी हैं।

Tags: