तस्वीर में कस्तूरी होटल, चारमूर्ति चौराहा में ब्राह्मण कल्याण परिषद की बैठक के दौरान चर्चा करते हुए पदाधिकारी और कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।

जयपुर में महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में करणी सेना के तत्वावधान में आयोजित यूजीसी रोलबैक आंदोलन के दौरान देवराज सिंह पलाड़ा की आकस्मिक मृत्यु से नाराज सवर्ण समाज 12 अगस्त, बुधवार को दोपहर 3:00 बजे शहर के प्रताप चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करेगा। इस पैदल मार्च में ब्राह्मण कल्याण परिषद के समस्त कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को ब्राह्मण कल्याण परिषद की आवश्यक बैठक शहर के चारमूर्ति चौराहा स्थित कस्तूरी होटल में जिला प्रभारी भगवान शर्मा एवं जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में ब्राह्मण कल्याण परिषद देहात अध्यक्ष महेंद्र शर्मा कस्तूरी ने बताया कि बैठक की शुरुआत जयपुर आंदोलन में शहीद हुए देवराज सिंह पलाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इसके बाद 12 अगस्त, बुधवार को आयोजित होने वाले पैदल मार्च और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जयपुर में हुए यूजीसी रोलबैक आंदोलन के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के प्रयोग से देवराज सिंह पलाड़ा की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी।

बैठक में सभी विप्र बंधुओं से आह्वान किया गया कि वे अपने साथ कम से कम 10 व्यक्तियों को कार्यक्रम में लेकर आएं। साथ ही अपने ओबीसी समाज के इष्ट-मित्रों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

सवर्ण समाज द्वारा निकाली जाने वाली रैली के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग 10 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया गया, ताकि पैदल मार्च और ज्ञापन कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। 12 अगस्त को प्रस्तावित पैदल मार्च और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ब्राह्मण कल्याण परिषद ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।

Tags: