तस्वीर में विद्या भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री मा. गोविंद महंत नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय बैठक के दौरान मंच से संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।

बारां। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय प्रचार विभाग एवं अभिलेखागार की दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक नोएडा स्थित भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर में प्रारम्भ हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों के प्रभावी प्रचार, अभिलेखों के वैज्ञानिक संरक्षण और आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर व्यापक मंथन किया जा रहा है।

बैठक के उद्घाटन सत्र में अखिल भारतीय संगठन मंत्री मा. गोविंद महंत, दक्षिण मध्यक्षेत्र संगठन मंत्री एवं प्रभारी प्रचार विभाग मा. सुधाकर रेड्डी, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य मा. ललित बिहारी गोस्वामी, अखिल भारतीय प्रचार विभाग संयोजक डॉ. रामकुमार भावसार तथा अखिल भारतीय अभिलेखागार के संयोजक राजेंद्र बघेल की गरिमामय उपस्थिति रही।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता गोविंद महंत ने कहा कि समय निरंतर परिवर्तनशील है और विद्या भारती वर्ष 1952 से शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक संचार माध्यमों और नित्य नूतन तकनीक को अपनाते हुए संगठन के विचारों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

गोविंद महंत ने कहा कि विद्या भारती का ध्येय केवल विद्यालय संचालित करना नहीं, बल्कि “मातृ देवो भव, पितृ देवो भव, राष्ट्र देवो भव” के भाव से युक्त नागरिकों का निर्माण करना है। उन्होंने अभिलेखागार के महत्व पर बल देते हुए कहा कि संगठन के चिंतन, इतिहास और योगदानकर्ताओं से जुड़े अभिलेखों का वैज्ञानिक संरक्षण आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली परंपरा से जुड़ी रह सकें। उन्होंने कहा कि जो सत्य है, वही स्थायी और चिरंतन है तथा प्रचार विभाग का दायित्व इसी सत्य और संगठन की उपलब्धियों को समाज के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।

बैठक की भूमिका रखते हुए दक्षिण मध्यक्षेत्र संगठन मंत्री एवं प्रभारी प्रचार विभाग मा. सुधाकर रेड्डी ने बताया कि देशभर में विद्या भारती द्वारा व्यापक स्तर पर ‘वंदे मातरम् अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘अमृत उत्सव’ को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस दो दिवसीय बैठक में संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जा रही है।

विद्या भारती की जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान प्रचार विभाग एवं अभिलेखागार के कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्य योजनाओं, तकनीकी माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा विद्या भारती की कार्यपद्धति को समाज में व्यापक रूप से प्रसारित करने जैसे विषयों पर गहन मंथन किया जा रहा है। यह बैठक संगठन के प्रचार तंत्र और अभिलेखीय व्यवस्था को समयानुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Tags: