मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग, कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर बारां कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, 1913 के बलिदान को राष्ट्रीय सम्मान की मांग।
तस्वीर में बारां जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर हाथों में तिरंगा झंडा लिए कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के दौरान नजर आ रहे हैं।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में स्थित ऐतिहासिक एवं आदिवासी आस्था के प्रमुख केंद्र मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बारां की ओर से राष्ट्रपति के नाम बारां जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा नहीं दिए जाने को आदिवासी समाज के साथ विश्वासघात बताया।
संगठन महासचिव कैलाश जैन ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि मानगढ़ धाम आदिवासी समाज के शौर्य, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। वर्ष 1913 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर रहे 1500 से अधिक आदिवासी समाज के लोगों को अंग्रेजों की क्रूर गोलीबारी का शिकार होना पड़ा था। इन वीर आदिवासियों का बलिदान देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
हंसराज मीणा ने कहा कि मानगढ़ धाम केवल धार्मिक अथवा ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। यहां शहीद हुए हजारों आदिवासियों की स्मृति को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए और मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा दिया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2022 में बांसवाड़ा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं मानगढ़ धाम के विकास की घोषणा की थी। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से मांग की कि मानगढ़ धाम को शीघ्र राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के लिए केंद्र सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि वर्ष 1913 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आदिवासी वीरों को राष्ट्रीय सम्मान मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान धर्मराज मेहरा, प्रशांत भारद्वाज, शिवशंकर यादव, कशिश धाकड़, असरफ देशवाली, घनश्याम नागर मिसाई, तोलाराम मीणा, गजेंद्र सुमन, नासिर मिर्जा, शरद शर्मा, अजीज नाजा, अब्दुल गनी, लालसिंह मीणा एडवोकेट, अंकुर सक्सेना एडवोकेट, रामेश्वर बैरवा, अजय चौधरी, अब्दुल हाफिज, बाबूलाल, नवीन सोन, इरफान अंसारी, कृष्णकांत शर्मा एडवोकेट, परवेज भाई, जाकिर भाई, अब्दुल कलाम, आसाराम बैरवा, मनोज ओझा, कुषलपाल प्रजापति, रोहित गुर्जर, कुलदीप भूलाहेडी, अब्दुल कलाम, संजय मीणा, सुरेश भांड, विजय बैरवा, यांशु शर्मा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टीजन उपस्थित रहे।