80वें स्वतंत्रता दिवस पर अकावद बांध पहुंचेंगे 300 किसान, तिरंगा रैली का आह्वान
बारां में 15 अगस्त को 300 किसान अकावद बांध पहुंचकर तिरंगा रैली और झंडारोहण करेंगे। कवि सम्मेलन के बाद सरकार को चेतावनी ज्ञापन दिया जाएगा।
बारां में नहरी किसान संघर्ष एवं सिंचाई समिति ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर परवन वृहद सिंचाई परियोजना के उद्गम स्थल “अकावद” में तिरंगा रैली और झंडारोहण कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है। किसान भवन में सुंदरलाल मीणा की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में 300 किसानों के रैली के रूप में अकावद बांध स्थल पहुंचने का निर्णय लिया गया।
समिति के पदाधिकारी महेंद्र मीणा, इन्द्रराज मीणा, गोरधन नागर, हीरालाल नागर, भगवान नागर, कविराज, बृजराज यादव और कार्यालय मंत्री राजेंद्र गौड ने बैठक में विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि नहरी किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष पवन यादव के नेतृत्व में 15 अगस्त को प्रातः साढ़े 5 बजे सभी किसान बारां के प्रताप चौक पर एकत्रित होंगे। यहां से सुबह 6 बजे रैली प्रारंभ होगी, जो झालावाड़ रोड से होते हुए अकावद बांध स्थल पहुंचेगी।
अकावद बांध स्थल पर झंडारोहण किया जाएगा। इसके बाद वन विहार कार्यक्रम के अंतर्गत अकावद गांव स्थित देवनारायण भगवान के मंदिर परिसर में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कवि सम्मेलन में कवियों द्वारा जीवनदायिनी परवन सिंचाई परियोजना के लाभ तथा अब तक इसके लाभ नहीं मिलने से हुए नुकसान पर कविता पाठ किया जाएगा।
इसके बाद डेम पर प्रस्ताव लेकर सरकार को चेतावनी ज्ञापन देने के लिए अन्नपूर्णा नगरी बारां में महारैली निकालने का प्रावधान किया जाएगा।
शनिवार को आयोजित बैठक में रानीहेडा एवं मायथा उप समितियों द्वारा 100 प्रतिशत सदस्यता अभियान का लक्ष्य पूरा किए जाने का भी निश्चय किया गया। इस अवसर पर श्रीकिशन यादव का सम्मान किया गया।