बारां में स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति के कार्यों की सराहना करने वाले टीवी कलाकार तनुज महाशब्दे।   

बारां। लोकप्रिय हास्य धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में अय्यर भाई के किरदार से प्रसिद्धि प्राप्त कलाकार तनुज महाशब्दे ने स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति बारां, चैरिटेबल के सेवा कार्यों की सराहना की। तनुज महाशब्दे की समिति के प्रतिनिधियों से वीडियो कॉल के माध्यम से आत्मीय वार्ता हुई। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए समिति की ओर से संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की प्रशंसा की।

समिति से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व तनुज महाशब्दे ने अपनी पूजनीय माताजी के श्राद्ध पक्ष के अवसर पर समिति के माध्यम से सेवा कार्य आयोजित किया था। इस दौरान जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य कर उन्होंने श्रद्धा और संवेदना के साथ अपनी सहभागिता निभाई।

स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति बारां, चैरिटेबल का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना, पीड़ित मानव की सेवा करना और समाज में सेवा, सहयोग तथा मानवीय संवेदनाओं की भावना को प्रोत्साहित करना रहा है। इस सेवा कार्य से जुड़ने और सहयोग प्रदान करने में रवि बोहरा एवं शजाग्रति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समिति परिवार ने कहा कि समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की ओर से सेवा कार्यों की सराहना मिलना सभी सेवाभावी सदस्यों के लिए प्रेरणादायी है। समिति जरूरतमंदों की सहायता और मानव सेवा के अपने उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी भावना के साथ जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रखने के लिए संकल्पित है।

Tags: