प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते पूर्व सांसद रामचरण बोहरा।

बारां/जयपुर। पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व ने भारत में राजनीतिक अस्थिरता और ‘रिजीम चेंज’ की साजिशों को नाकाम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फ्रांस, बांग्लादेश और नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता, हिंसक विरोध प्रदर्शनों और सत्ता परिवर्तन को लेकर सामने आए घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये परिस्थितियां भारत के विपक्ष के लिए सबक हैं। ऐसे समय में भारत की स्थिरता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत नेतृत्व का महत्व और अधिक स्पष्ट होता है।

बोहरा ने आरोप लगाया कि देश में कांग्रेस और विपक्ष के कुछ अन्य राजनीतिक दलों ने अपने स्वार्थ और सत्ता की लालसा में ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की, जिससे जनता के बीच भ्रम, असंतोष और अराजकता को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति का उद्देश्य जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान करना नहीं, बल्कि किसी भी तरह केंद्र सरकार को कमजोर करना रह गया है।

पूर्व सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, निर्णायक इच्छाशक्ति और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली नीतियों ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत किया है। उनके अनुसार, भारत की जनता जागरूक है और किसी भी राजनीतिक षड्यंत्र, भ्रामक प्रचार या देश की शांति भंग करने के प्रयास को सफल नहीं होने देगी।

बोहरा ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर देश में भय, हिंसा और अस्थिरता का वातावरण बनाने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वाली राजनीति को देश की जनता कभी समर्थन नहीं देगी।

उन्होंने कहा कि भारत कोई कमजोर राष्ट्र नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़ा है। बोहरा के मुताबिक, देश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध नेतृत्व के साथ है। उन्होंने विपक्ष से नकारात्मक राजनीति छोड़कर राष्ट्रहित, विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

बोहरा ने दोहराया कि भारत की शांति, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश विरोधी मंसूबे पालने वालों और अराजकता के जरिए राजनीतिक लाभ उठाने की सोच रखने वालों को जनता लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

Tags: