बारां के भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सेवा भारती द्वारा आयोजित सामूहिक कन्या पूजन समारोह के दौरान मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथि।

बारां में सेवा भारती समिति के तत्वावधान में शनिवार को अटरू रोड स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर के सभागार में विशाल कन्या पूजन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 351 नन्हीं बालिकाओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों में सजाकर बटुक सहित विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान कन्याओं के चरण पखारकर उनकी आराधना की गई। महाआरती के दौरान पूरा परिसर मां दुर्गा की आराधना और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां दुर्गा के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सेवा भारती के जिला अध्यक्ष योगेश कटारिया एवं जिला प्रकल्प प्रमुख महावीर गौड़ ने बताया कि समारोह में क्षेत्र के प्रसिद्ध उद्योगपति विष्णु साबू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम गौतम ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। सुरेंद्र गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता राष्ट्र सेविका समिति बारां विभाग की विभाग कार्यवाहिका अरुणा शर्मा ने की।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रकटीकरण है। सनातन संस्कृति में कन्या पूजन को नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक माना गया है। भारतीय संस्कृति ने आदिकाल से नारी को शक्ति, समृद्धि और ज्ञान के रूप में प्रतिष्ठित किया है। कन्याओं में मां दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती के स्वरूप का दर्शन करना धार्मिक परंपरा के साथ समाज में मातृशक्ति के प्रति सम्मान का भाव मजबूत करने वाला संस्कार भी है।

समारोह में उपस्थित अतिथियों का परिचय सेवा भारती के संरक्षक कन्हैयालाल मेहता ने कराया। मंचीय कार्यक्रम के बाद सामाजिक आयाम प्रमुख आचार्य सुरेश गौतम के मार्गदर्शन में आध्यात्मिक वातावरण के बीच कन्या पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें समिति के पदाधिकारियों लीला जी बंसल, नीरज गौतम, त्रिलोक शर्मा, लक्ष्मीकांत गर्ग, चंद्र मोहन बंसल और मीना गर्ग सहित प्रकल्प संचालकों, अभिभावकों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के 45 पूजन परिवारों ने सहभागिता की।

समारोह के अंत में सेवा भारती के जिला मंत्री हेमराज सलवाडीया ने अतिथियों, कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र कुमार शर्मा ने किया। 351 कन्याओं के पूजन के माध्यम से आयोजित इस समारोह में नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया गया।

Tags: