कोटा-बारां शिक्षा सहकारी सभा को 4.34 करोड़ का शुद्ध लाभ, 4% लाभांश घोषित
संस्था के वार्षिक अधिवेशन में सदस्यों के लिए ऋण सीमा 3-3 लाख रुपये से बढ़ाकर 4-4 लाख रुपये करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
तस्वीर में बारां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथि स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते दिख रहे हैं।
बारां। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा लि.-696 आर (कोटा-बारां) का वार्षिक अधिवेशन एवं आम सभा समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। वित्तीय वर्ष 2025-26 में संस्था ने 4.34 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक शुद्ध लाभ अर्जित किया। आम सभा में सदस्यों को लगातार तीसरे वर्ष लाभांश देने और ऋण सीमा बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से कर्मचारियों का आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है।
सभा की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि सदस्यों के निरंतर विश्वास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और वित्तीय अनुशासन के बल पर ही संस्था ने ऐतिहासिक लाभ का यह आंकड़ा छुआ है।
विशिष्ट अतिथि बृजगोविन्द टेलर, अध्यक्ष राधाकृष्ण शिक्षा सहकारी बारां, ने कहा कि संस्था की यह वित्तीय प्रगति अन्य सहकारी समितियों के लिए प्रेरणास्पद है। सीडीइओ बारां गेंदालाल रैगर ने कहा कि पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली ही इस सहकारी सभा की वास्तविक सफलता की कुंजी है। डीईओ, कोटा रामचरण मीणा ने कहा कि कर्मचारी हित में ऋण सीमा बढ़ाने का फैसला सदस्यों के लिए आर्थिक संबल साबित होगा।
उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने स्वागत भाषण दिया, जबकि मंत्री जमना लाल गुर्जर ने संस्था का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य गणेश जांगिड़ ने किया।
आम सभा में 4.34 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ में से आवश्यक प्रावधानों के बाद बची 2.56 करोड़ रुपये की राशि में से अंशधारकों को लगातार तीसरे वर्ष 4 प्रतिशत की दर से लाभांश देने की घोषणा की गई। इसके साथ ही सदस्यों को राहत देते हुए सामान्य एवं इमरजेंसी ऋण की वर्तमान सीमा को 3-3 लाख रुपये से बढ़ाकर 4-4 लाख रुपये करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
वित्तीय प्रगति के साथ संस्था ने पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, बेटी बचाओ और जल संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों में सहभागिता बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान सीओ स्काउट गाइड बारां सुनीता मीणा, सीओ स्काउट कोटा श्रीकिशन मीणा तथा 1276 यूनिट रक्तदान उपलब्ध कराने पर रक्त कोष फाउंडेशन के दुर्गाप्रसाद प्रजापति को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही राधा कृष्ण शिक्षा सहकारी 1192 के संचालक मंडल और 696 के पूर्व संचालकों का भी अभिनंदन किया गया। इस दौरान संचालक गायत्री मीणा, राजमल मीना, अनुराधा शर्मा, कमल कुमार शर्मा, दिनेश कुमार मीणा, रवि प्रकाश गौतम, धर्मेंद्र कुमार मेघवाल, पूनम गौतम, दिनेश कुमार नागर और महावीर प्रसाद मीणा सहित समाजसेवी दुर्गा प्रसाद प्रजापति, जिला संयोजक रक्तकोष फाउंडेशन का जिले का देश में नाम रोशन करने पर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।