स्व. ज़ारीना समनानी की स्मृति में बारां में हरित स्मृति अभियान, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बारां में स्व. ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति द्वारा स्व. ज़ारीना समनानी की पुण्य स्मृति में वृक्षारोपण एवं हरित स्मृति अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और समाज में हरित जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

Update: 2026-08-03 12:26 GMT

तस्वीर में बारां की सिंचाई विभाग कॉलोनी परिसर में वृक्षारोपण अभियान के दौरान समिति के पदाधिकारी और अतिथि एक नव-रोपित पौधे के पास खड़े नजर आ रहे हैं।

बारां में स्व. ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति, बारां (चैरिटेबल) द्वारा स्व. ज़ारीना समनानी की पुण्य स्मृति में सोमवार को सिंचाई विभाग कॉलोनी, कोटा रोड स्थित परिसर में "वृक्षारोपण एवं हरित स्मृति अभियान" का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सेवा और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।

समिति के प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन स्व. ज़ारीना समनानी की पावन स्मृति में उनके पुत्र अमीन (सांगोदरा, काठियावाड़, गुजरात) के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा पौधारोपण तथा प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेकर किया गया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर, समिति का सेवा-दुपट्टा ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय सम्मान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण शर्मा (चेयरमैन, एमिनेंट एकेडमी, बारां) एवं डॉ. सुधीरा (ब्रांड एम्बेसडर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं डायरेक्टर, एमिनेंट एकेडमी, बारां) रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र कुमार मीणा, अधिशाषी अभियंता, जल संसाधन विभाग, बारां ने की।

मुख्य अतिथि प्रवीण शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा, "एक पौधा केवल पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। स्मृति में किया गया वृक्षारोपण समाज को सेवा, संवेदना और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति द्वारा किया जा रहा यह अभियान निश्चित रूप से अनुकरणीय है।"

डॉ. सुधीरा ने कहा, "यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों और अपने प्रियजनों की स्मृति में एक पौधा लगाए तथा उसका संरक्षण करे, तो हमारा पर्यावरण स्वतः समृद्ध होगा। समाज में पर्यावरण के प्रति पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलते रहने चाहिए।"

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महेंद्र कुमार मीणा ने कहा, "जल संरक्षण और वृक्ष संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण करना है। पर्यावरण संरक्षण के ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।"

कार्यक्रम में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष पीयूष उपाध्याय, सचिव मनोज शर्मा, सलाहकार समिति सदस्य प्रमोद शर्मा, दीपेश गर्ग, मनोज सुमन, कोषाध्यक्ष शशांक शर्मा, भरत मालवीय, प्रिंस सुमन सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर संचालित करने का संकल्प दोहराया गया।

Tags:    

Similar News