प्रजापति समाज की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा उत्साह, झांकियों ने मोहा लोगों का मन
बारां में श्री दक्ष प्रजापति कुम्हारान पंचायत संस्थान की ओर से गुरू पूर्णिमा उत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा में धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और भंडारा देर रात तक चला।
तस्वीर में बारां में आयोजित शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक परिधानों में नजर आ रहे समाज के पुरुष सदस्य।
बारां। श्री दक्ष प्रजापति कुम्हारान पंचायत संस्थान राजपुरा वार्ड बारां की ओर से इस वर्ष भी गुरू पूर्णिमा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज बन्धुओं और महिलाओं की सहभागिता से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
संस्थान के अध्यक्ष ललित बेतेडिया ने बताया कि समाज बन्धुओं एवं महिलाओं ने भजनों के साथ शोभायात्रा का नेतृत्व करते हुए आयोजन को सफल बनाया। समाज के वरिष्ठ सदस्य कुशल पाल प्रजापति ने बताया कि शोभायात्रा में भोलेनाथ की सवारी के साथ राजा दक्ष, यादे माता एवं शक्ति के प्रतीक बजरंग बली की प्रतिमाओं की झांकियां जुलूस की शोभा बढ़ा रही थीं।
संस्थान के महामंत्री रमेश बेतेडिया और कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश चंदेल ने बताया कि प्रातः से ही शोभायात्रा को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण था। ईश्वर की कृपा से गर्मी के मौसम में इन्द्र देवता ने पानी की रिमझिम बौछारों के साथ मौसम को खुशनुमा बना दिया।
शोभायात्रा में समाज के ओम चक्रवर्ती, हरिओम बेतेडिया, चंद्रपाल, धनराज विमान, ओम गडवाल, बाबूलाल खखरेटिया, हीरालाल प्रजापति, योगेश लाइट, योगेश मुनीम, मोहित, आशीष चंदेल, परशुराम मूर्तिकार, हेमराज मूर्तिकार, कृष्णा प्रजापति सहित रेखा बेतेडिया, लता चंदेल, लीला बाई, सरस्वती चंदेल, मधु बेतेडिया आदि महिलाओं ने भी नेतृत्व करते हुए अपना प्रतिनिधित्व किया।
महामंत्री रमेश बेतेडिया ने बताया कि सायं 5 बजे से भंडारा व जीमण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। आयोजन के सफल संचालन में सहयोग के लिए समाज की ओर से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया गया।