अंबेडकर सर्किल चाकूबाजी हत्याकांड: विशाल महावर की हत्या का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
बारां के अंबेडकर सर्किल चाकूबाजी हत्याकांड में पुलिस ने मृतक विशाल महावर की हत्या के एक आरोपी को 24 घंटे में गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और जांच कार्रवाई जारी है।
तस्वीर में बारां जिला कोतवाली पुलिस थाने के बाहर खड़े पुलिसकर्मी और गिरफ्तार आरोपी नजर आ रहे हैं।
बारां शहर के अंबेडकर सर्किल के समीप हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक विशाल महावर हत्याकांड के एक आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शहर में 31 जुलाई की रात्रि को लंका कॉलोनी पुलिया के पास हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक विशाल महावर की मृत्यु हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक रोहित सोन गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका उपचार कोटा अस्पताल में जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि बारां शहर के अंबेडकर सर्किल के समीप लंका कॉलोनी पुलिया के पास 31 जुलाई को रात करीब 10.00 बजे दो व्यक्तियों के साथ चाकूबाजी की घटना हुई थी। घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय बारां में भर्ती कराया गया था। इस दौरान घायल विशाल महावर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायल रोहित सोन को उपचार के लिए कोटा रैफर किया गया था।
चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश के लिए घटना के बाद से ही पुलिस टीमों को रवाना किया गया था। घटना के संबंध में 01 अगस्त को फरियादी समीर महावर निवासी जगजीवन राम कॉलोनी बारां ने राजकीय चिकित्सालय बारां में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।
फरियादी समीर महावर ने बताया कि 31 जुलाई को शाम करीब 7.00 बजे उसका भाई विशाल महावर घर से बाजार की तरफ गया था। रात्रि करीब 9.45 पी.एम. पर रोहित सोन भागता हुआ उनके घर पहुंचा, जिसके शरीर से खून निकल रहा था। उसने घबराते हुए कहा कि समीर मुझे अस्पताल ले चल, मेरे चाकू मार दिए तथा तेरे भाई विशाल के भी चाकू मार दिए हैं।
समीर महावर ने बताया कि जब उसने रोहित सोन से पूछा कि किसने मारा, तो रोहित ने बताया कि डी.एन. ज्यूस वाले के सामने विशाल यादव व रोहित बाफला ने चाकुओं से मारपीट की है और उसका भाई विशाल मौके पर ही गंभीर घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
इसके बाद समीर अपने पिता मुकेश, चाचा पप्पू तथा परिवार के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां उसका भाई विशाल महावर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसके सीने सहित अन्य जगहों पर चाकू के घाव थे। परिजन उसे तुरंत ऑटो से बारां के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कुछ देर उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं रोहित सोन के पेट और पीठ में भी चाकुओं के गंभीर घाव थे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रैफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार रोहित सोन विशाल यादव से पैसे मांगता था। इसी विवाद के कारण विशाल यादव और रोहित बाफला ने विशाल महावर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी तथा रोहित सोन को भी जान से मारने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया। चाकूबाजी और हत्या के इस प्रकरण की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक रोहिताश देवंदा और शहर कोतवाल हीरालाल पूनिया की अगुवाई में थाना कोतवाली पुलिस के जाप्ते द्वारा की गई।
पुलिस की गहन कार्रवाई के दौरान हत्या की घटना में लिप्त विशाल यादव उम्र 22 वर्ष निवासी रावण जी का चौक, लंका कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल शेष मुलजिमों की तलाश की जा रही है।