बारां नगर परिषद सभापति शीतल राठौर 'करुणा एवं समाज सेवा सम्मान' से सम्मानित
भारत विकास परिषद के नवदुर्गा नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम के आठवें दिन नगर परिषद सभापति शीतल राठौर को समाज सेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बारां में नगर परिषद सभापति शीतल राठौर को सम्मानित करते हुए।
बारां। जीवन की विपरीत परिस्थितियों और संघर्षों को अपनी शक्ति बनाकर समाजसेवा के प्रति समर्पित रहने वाली नगर परिषद बारां की सभापति श्रीमती शीतल राठौर को भारत विकास परिषद, शाखा बारां की ओर से ‘करुणा एवं समाज सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। ‘नवदुर्गा नारी शक्ति सम्मान’ कार्यक्रम के अष्टम दिवस पर माँ महागौरी के स्वरूप में उन्हें यह सम्मान प्रदान कर उनके संघर्ष, संकल्प और समाजसेवा के प्रति समर्पण को पहचान दी गई।
परिषद सचिव हितेश खंडेलवाल ने बताया कि माँ महागौरी त्याग, तपस्या, साधना, निर्मलता और करुणा की प्रतीक हैं। जिस प्रकार माँ महागौरी ने कठोर तपस्या से दिव्य स्वरूप प्राप्त किया, उसी प्रकार श्रीमती शीतल राठौर ने भी कठिन परिस्थितियों और जीवन के संघर्षों का साहसपूर्वक सामना करते हुए स्वयं को समाजसेवा के लिए समर्पित किया। उनके इसी संघर्ष, दृढ़ संकल्प और सेवा भावना के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के अवसर पर सभापति श्रीमती शीतल राठौर ने कहा कि मातृशक्ति केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और संघर्ष का प्रतीक है। महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को परिवार, पति और बुजुर्गों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज में अपनी पहचान स्थापित करनी चाहिए।
श्रीमती राठौर ने कहा कि जब महिलाएं संघर्षों से ऊपर उठकर अपनी शक्ति को पहचानेंगी, तभी एक सशक्त और बेहतर समाज का निर्माण होगा। उनका संदेश महिलाओं को कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखने और समाज में अपनी भूमिका मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
हितेश खंडेलवाल ने बताया कि भारत विकास परिषद नवरात्र के नौ दिनों में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों के अनुरूप समाज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायी कार्य करने वाली नौ महिलाओं को सम्मानित कर रही है। इसी क्रम में अष्टम दिवस पर शीतल राठौर को ‘करुणा एवं समाज सेवा सम्मान’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सभापति कमल राठौर, परिषद अध्यक्ष नरेश खंडेलवाल, प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी रवि अग्रवाल, अम्बिका प्रकाश शर्मा, नरेंद्र गोयल, परमेंद्र शर्मा, राजेंद्र डंग, पवन चौरसिया, हरिओम अग्रवाल, जितेंद्र गुप्ता, गिरिराज माहेश्वरी, रेखा अग्रवाल, प्रियंका गर्ग, सुलेखा माहेश्वरी, मधु खंडेलवाल, आशा विजय और राजेंद्र विजय सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।