विद्या भारती: 1 नवंबर को बारां में दीपावली स्नेह मिलन और प्रधानाचार्य बैठक
जिले भर के संस्था प्रधान और कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन में शैक्षिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर करेंगे चर्चा।
बारां। विद्या भारती शिक्षा संस्थान, बारां के तत्वावधान में दीपावली के अवसर पर रविवार, 1 नवंबर को दीपावली स्नेह मिलन समारोह एवं प्रधानाचार्य बैठक का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय, बारां में आयोजित होगा, जिसमें जिलेभर से विद्या भारती से जुड़े संस्था प्रधान, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
राजेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम प्रातः 9 बजे शुरू होकर सायंकाल तक चलेगा। इस दौरान जिले की शैक्षिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्ययोजना, विद्यालयों के शैक्षिक उन्नयन और संगठन के विभिन्न आयामों पर विस्तार से विचार-विमर्श होगा।
बैठक में संस्था प्रधान अपने-अपने विद्यालयों के अनुभवों एवं अब तक किए गए कार्यों को साझा करेंगे। इसके साथ ही आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी मंथन किया जाएगा। दीपावली स्नेह मिलन समारोह के माध्यम से संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, संस्था प्रधानों एवं कार्यकर्ताओं के बीच आपसी आत्मीयता, समन्वय और संगठन भाव को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में बारां, अंता, किशनगंज, समरानियां, नाहरगढ़, देवरी, छबड़ा, छीपाबड़ौद, मांगरोल एवं सीसवाली सहित जिले के विभिन्न स्थानों से संस्था प्रधान भाग लेंगे। इसके अलावा विद्या भारती की जिला टोली के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। स्नेह मिलन के साथ आयोजित होने वाली यह बैठक जिले में शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा और संगठन की आगामी योजनाओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण अवसर होगी।