जल स्रोत और वन संरक्षण के लिए मेघालय मॉडल सीख रहा उत्तराखंड का दल
| चम्पावत की समितियों और SARRA के प्रतिनिधियों ने शिलांग में कार्बन क्रेडिट, बायोचार और PES मॉडल से ग्रामीणों की आय बढ़ाने की कार्यप्रणाली समझी।
मेघालय भ्रमण में वन संरक्षण व PES मॉडल समझने पहुंचे SARRA व चम्पावत समिति प्रतिनिधि।
उत्तराखंड में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और सामुदायिक वन प्रबंधन को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में मेघालय का मॉडल नई संभावनाएं खोल सकता है। इसी उद्देश्य से स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और चम्पावत जिले की धारा-नौला संरक्षण समितियों का संयुक्त दल 25 से 27 नवंबर तक शिलांग के तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर है। इस दौरान दल ने वन संरक्षण के बदले आर्थिक प्रोत्साहन, कार्बन क्रेडिट और बायोचार उत्पादन जैसी योजनाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
अध्ययन भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं। मेघालय में मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में संचालित प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के वित्तपोषण से संचालित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) के वित्तपोषण वाली ‘MEGARISE’ परियोजना की कार्यप्रणाली प्रमुख रही।
अध्ययन दल ने MEGALIFE परियोजना के अंतर्गत संचालित ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस व्यवस्था में प्राकृतिक वनों का संरक्षण करने वाली स्थानीय समितियों को प्रतिवर्ष प्रति हेक्टेयर 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इन समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है।
शिलांग के संबंधित ग्राम की एक समिति ने इस मॉडल के माध्यम से 46-47 हेक्टेयर वन क्षेत्र को संरक्षित किया है। वन संरक्षण के बदले मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से सामुदायिक विकास को भी आर्थिक आधार मिला है। वर्तमान में समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए लगभग 15 लाख रुपये जमा हैं।
भ्रमण के दौरान SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र (Biochar Production Plant) का भी निरीक्षण किया। यह पायलट प्रोजेक्ट मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के बाद शुरू किया गया था। इसके माध्यम से बायोचार उत्पादन के साथ उससे अर्जित होने वाले कार्बन क्रेडिट का सीधा लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस पहल में कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय में अपनाई जा रही एग्रोफॉरेस्ट्री यानी कृषि वानिकी तकनीकों का भी अध्ययन किया। भ्रमण के दौरान सामने आए अनुभवों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से जोड़ने की व्यवस्था प्रमुख रही।
अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का PES मॉडल और सामुदायिक सहभागिता आधारित संरक्षण व्यवस्था उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। विशेष रूप से चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को इस मॉडल से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ पारंपरिक जल स्रोतों और वन क्षेत्रों के संरक्षण को नई दिशा मिल सकती है।