यूएसडीएमए में आपदा प्रबंधन दिवस से पहले 13 जिलों की तैयारी परखने को टेबल टॉप अभ्यास आयोजित हुआ।  

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखंड में आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था, विभागीय समन्वय और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की गई। अब 28 नवंबर को राज्यभर में 250 से 300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने की। इसमें राज्य के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अभ्यास के दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिदृश्यों के आधार पर जनपदों की पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव की कार्ययोजना तथा कमांड और नियंत्रण व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

अधिकारियों के सामने अलग-अलग आपदा परिस्थितियां रखी गईं। उनसे यह जाना गया कि आपदा की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए किस तरह की कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय प्रतिक्रिया व्यवस्था की तत्परता और प्रभावशीलता का आकलन करना है। आपदा के दौरान कुछ मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में प्रत्येक जनपद में यह स्पष्ट होना चाहिए कि सूचना मिलने के बाद कौन-सी एजेंसी क्या कार्रवाई करेगी, संसाधन कहां से जुटाए जाएंगे, संचार व्यवस्था कैसे स्थापित होगी और घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण किस तरह संचालित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान से यह सीख मिली है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट जिम्मेदारी, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग लोगों की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसी अनुभव के आधार पर प्रदेश की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों और जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे।

28 नवंबर को सभी 13 जनपदों में होगी मॉक ड्रिल

विनोद कुमार सुमन ने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद 28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राज्य स्तर से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक व्यापक रूप से होगा। इसके तहत लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल में उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदी का जलस्तर बढ़ना, जंगल की आग, टनल दुर्घटना, सड़क दुर्घटना, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटना, विद्युत दुर्घटना, रासायनिक दुर्घटना, बांध या जलाशय से आकस्मिक जल प्रवाह, हेली इमरजेंसी और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों को आधार बनाया जाएगा।

राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का भी होगा परीक्षण

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना और संचालन का अभ्यास भी किया जाएगा। शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता जांची जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों की तैनाती का भी अभ्यास होगा।

आपदा प्रतिक्रिया में स्थानीय समुदाय की होगी सक्रिय भागीदारी

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा के समय स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार मॉक ड्रिल में समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभ्यास में पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, रेड क्रॉस और अन्य स्थानीय स्वयंसेवी समूहों को जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समुदाय को केवल आपदा के प्रति जागरूक करना नहीं, बल्कि उसे प्रशिक्षित और सक्षम बनाकर शुरुआती प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है।

आधुनिक उपकरणों और बचाव संसाधनों का होगा प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की ओर से आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों और आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग अपने संसाधनों एवं उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे। इनके संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी किया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में भी होंगे आयोजन

राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत सरकारी कार्यालयों में भी आपदा सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। कार्यालयों में संभावित खतरों की पहचान, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता, आपातकालीन निकासी व्यवस्था तथा कर्मचारियों की तैयारियों का आकलन किया जा रहा है।

विद्यालयों में भी आपदा सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं। विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान तथा नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सिल्क्यारा अभियान की सीख से मजबूत होगी आपदा प्रबंधन व्यवस्था

विनोद कुमार सुमन ने कहा कि 28 नवंबर केवल सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और उन्हें अधिक मजबूत बनाने का अवसर भी है। सिल्क्यारा अभियान ने साबित किया कि कठिन परिस्थितियों में सभी एजेंसियां साझा उद्देश्य के साथ काम करें तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, संबंधित विभागों और भाग लेने वाली एजेंसियों को मॉक ड्रिल पूरी गंभीरता से आयोजित करने तथा इसमें स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि वे इस अभ्यास को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और प्रशासन एवं बचाव दलों को पूरा सहयोग दें। राज्यव्यापी मॉक ड्रिल के जरिए प्रशासन की तैयारियों के साथ-साथ आमजन की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को भी परखा जाएगा।

Tags: