उत्तराखंड में सड़क हादसों पर सख्त हुए CM धामी, पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाने के निर्देश
| उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता जताई है। प्रदेशभर में विशेष अभियान, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर कार्रवाई के साथ पर्वतीय मार्गों पर वाहन फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विगत दिनों हुई सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण किया जाए और दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाए और सड़क सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए ठोस, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत प्रदेश में यातायात नियमों के पालन, वाहनों की नियमित जांच और दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।