पौड़ी के रिखणीखाल में सड़क हादसा, सीएम धामी ने राहत-बचाव के दिए निर्देश
| गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजने और जिला प्रशासन को त्वरित राहत व उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है। दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि उन्हें बेहतर उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। हादसे के बाद प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।