सीएम धामी ने परेड ग्राउंड में अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सुरक्षा, ट्रैफिक और जनसुविधाओं के इंतजाम समय पर पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।
सीएम पुष्कर सिंह धामी देहरादून के परेड ग्राउंड में अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए।
देहरादून के परेड ग्राउंड में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान आमजन की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए और उन्हें अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के रास्तों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की मौजूदा प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने और प्रत्येक स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उनके निरीक्षण के दौरान सुरक्षा से लेकर बुनियादी जनसुविधाओं तक सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर रहा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय सहित शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।