सीएम धामी ने कुंभ मेला 2027 के तहत हरिद्वार के अस्पतालों के लिए नए चिकित्सा वाहनों को रवाना किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय परिसर से मेला चिकित्सालय एवं भूपतवाला चिकित्सालय के लिए आधुनिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये उपकरण कृषि उद्योग विकास परिषद के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य कुम्भ क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करना और श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आगामी कुम्भ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कुम्भ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना भी जरूरी है। मेला चिकित्सालय एवं भूपतवाला चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराए जा रहे उपकरण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्राथमिक उपचार देने और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृषि उद्योग विकास परिषद की जनहितकारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुम्भ जैसे बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की सहभागिता महत्वपूर्ण होती है। सामूहिक प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने में मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से कुम्भ मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित होगा। सीएसआर के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक चिकित्सा उपकरण इसी दिशा में हरिद्वार की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की पहल का हिस्सा हैं।

Tags: