नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, 22 से 25 अक्टूबर तक बदलेगा ट्रैफिक प्लान
नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22, 23 और 25 अक्टूबर को संभावित कार्यक्रम के दौरान रूट डायवर्जन, पार्किंग, सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा।
तस्वीर में वाराणसी के नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का जायजा लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी नजर आ रहे हैं.
वाराणसी/चंदौली। नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को संभावित है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन का मुख्य जोर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर है। अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था, आवागमन के मार्गों और कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
एयर शो के दिनों में यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन रूट डायवर्जन लागू करने की तैयारी कर रहा है। बड़ी संख्या में दर्शकों की आवाजाही को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का फोकस एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के साथ कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर है।