मुजफ्फरनगर के शुकदेव आश्रम में कार्यक्रम के दौरान स्वामी ओमानंद महाराज और मोहन भागवत खड़े दिख रहे हैं।

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सोमवार को मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में संतों, महात्माओं, भागवत विद्वानों, आचार्यों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं से संवाद करेंगे। श्री डोंगरे भागवत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सनातन राष्ट्र के सामने मौजूद चुनौतियों, देश की अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा और युवा पीढ़ी को आधुनिक विज्ञान के साथ वेदों तथा शास्त्रों के ज्ञान से जोड़ने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। गंगा स्नान के पावन अवसर पर संघ प्रमुख का शुकतीर्थ पहुंचना धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर आश्रम में विशेष तैयारियां की गई हैं। पूरे परिसर को फूलों से सजाया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

डॉ. मोहन भागवत सोमवार को शुकदेव आश्रम में यज्ञ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज के सानिध्य में होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में देश की अखंडता, संप्रभुता, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना के साथ आहुतियां दी जाएंगी। यज्ञ में शुकतीर्थ के प्रमुख संतों, महात्माओं और धर्माचार्यों की उपस्थिति रहेगी। इस अनुष्ठान के माध्यम से राष्ट्र की एकता, सामाजिक समरसता और विश्व कल्याण का संदेश दिया जाएगा।

यज्ञ के बाद श्री डोंगरे भागवत भवन में संतों और विद्वानों के साथ संवाद होगा। इसमें मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और भारत के सामने मौजूद चुनौतियों के संदर्भ में देश की सांस्कृतिक पहचान तथा सनातन परंपराओं की भूमिका पर चर्चा होगी। संवाद के दौरान इन विषयों पर संघ प्रमुख के विचार सामने आएंगे।

कार्यक्रम में युवा पीढ़ी के सांस्कृतिक और वैचारिक निर्माण का विषय भी प्रमुख रहेगा। बदलते सामाजिक परिवेश और आधुनिक तकनीक के दौर में नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की आवश्यकता पर मंथन किया जाएगा। वेद, उपनिषद, पुराण और शास्त्र भारतीय संस्कृति की समृद्ध ज्ञान परंपरा के आधार रहे हैं, जबकि विज्ञान, तकनीक और आधुनिक शिक्षा ने दुनिया में तेजी से बदलाव किए हैं। ऐसे में दोनों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को संस्कारवान, ज्ञानवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने की आवश्यकता पर डॉ. मोहन भागवत अपने विचार रखेंगे। शुकतीर्थ के संतों और भागवत विद्वानों के लिए भी यह संवाद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। धार्मिक नगरी में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच उनके संदेश को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के व्यापक संदर्भ में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज भी उद्बोधन करेंगे। वह शुकतीर्थ के पौराणिक महत्व, यहां की आध्यात्मिक परंपराओं और शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के विराट एवं विलक्षण व्यक्तित्व पर प्रकाश डालेंगे। स्वामी कल्याणदेव महाराज ने शुकतीर्थ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों से यह स्थान धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और शैक्षिक जागरण का भी केंद्र बना।

इससे पहले रविवार रात संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने शुकदेव आश्रम में सादगीपूर्ण भोजन किया। उनके लिए भोजन पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज की रसोई में तैयार किया गया था। इसमें साबुत मूंग की दाल और लौकी की सब्जी परोसी गई। उन्होंने आश्रम की गोशाला का दूध भी पिया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर के काजीखेड़ा गांव में तैयार किया गया गुड़ और शक्कर भी चखा। बताया गया कि काजीखेड़ा का गुड़ ट्रस्टी रमेश मलिक ने विशेष रूप से तैयार कराया था। ओमदत्त आर्य के अनुसार, संघ प्रमुख ने बेहद सादगीपूर्ण भोजन किया। उनके भोजन की सादगी आश्रम में चर्चा का विषय रही।

शुकतीर्थ का इतिहास धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रीय और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ा रहा है। यहां गंगा स्नान की परंपरा वर्ष 1945 में शुरू हुई थी। शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याणदेव महाराज के प्रयासों से यहां किसानों और ग्रामीणों का जमावड़ा लगना शुरू हुआ। धीरे-धीरे शुकतीर्थ की पहचान प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में स्थापित हुई। स्वामी कल्याणदेव महाराज ने इस पौराणिक भूमि को देश की महान विभूतियों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

28 नवंबर 1958 को देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू शुकतीर्थ में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल हुए थे। इसके अगले वर्ष यानी 1959 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. संपूर्णानंद ने गंगा स्नान मेले के दौरान यहां एक रात बिताई थी। इन आयोजनों से शुकतीर्थ को धार्मिक गतिविधियों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान मिली। लंबे अंतराल के बाद गंगा स्नान के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का यहां पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संघ प्रमुख के दौरे को देखते हुए शुकतीर्थ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। शुकदेव आश्रम परिसर में विशेष सेफ हाउस बनाया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी की गई हैं। सीओ जानसठ ऋषिका सिंह की देखरेख में 30 स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, सीओ सदर सुनील कुमार को यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार शाम को संघ प्रमुख के शुकदेव आश्रम पहुंचने के दौरान भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

आश्रम में संघ प्रमुख के आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। शुकदेव आश्रम परिसर को फूलों से सजाया गया है। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आश्रम का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया है, जबकि श्रद्धालुओं का आवागमन बाजार की ओर स्थित दूसरे गेट से कराया जा रहा है। आश्रम प्रबंधन ने कार्यक्रम और श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

संतों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शुकतीर्थ में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अब सभी की निगाहें श्री डोंगरे भागवत भवन में होने वाले संवाद पर टिकी हैं, जहां डॉ. मोहन भागवत देश की अखंडता, सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़े विषयों पर अपना संदेश देंगे।

Tags: