पैलावर गांव में छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 25 हजार की नकदी और जेवरात ले गए
कानपुर देहात के पैलावर गांव में छत के रास्ते घर में घुसे चोर 25 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
तस्वीर में राजपुर के पैलावर गांव स्थित घर के कमरे का बिखरा हुआ सामान दिख रहा है.
राजपुर थाना क्षेत्र के पैलावर गांव में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर 25 हजार रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के दौरान परिवार के लोग घर के आंगन में पंखा चलाकर सो रहे थे। शुक्रवार सुबह कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची राजपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पैलावर गांव निवासी दीप सिंह पाल ने बताया कि गुरुवार रात वह अपनी पत्नी रेखा और बच्चों के साथ घर के आंगन में पंखा चलाकर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे की कुंडी खोलकर अंदर रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। इसके बाद बक्से में रखे 25 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह दीप सिंह की पत्नी रेखा ने कमरे का दरवाजा खुला देखा। कमरे के अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा पड़ा था। बक्से की जांच करने पर उसमें रखी नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।
राजपुर थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।