मथुरा अपहरण कांड का खुलासा: मुरैना से युवक-महिला गिरफ्तार, 5 माह का बच्चा बरामद
मथुरा रेलवे स्टेशन के बाहर से 5 माह के बच्चे के अपहरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुरैना से युवक-महिला गिरफ्तार हुए और मासूम सुरक्षित बरामद हुआ।
तस्वीर में मथुरा पुलिस के अधिकारी और पकड़े गए आरोपी थाने के सभागार में खड़े नजर आ रहे हैं।
मथुरा में 5 माह के मासूम के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। थाना हाईवे पुलिस और साइबर/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश के मुरैना से एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 8 सितम्बर को मथुरा रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 के बाहर सो रहे दंपति के पास से बच्चे को उठाकर मुरैना ले गए थे।
पुलिस के अनुसार 11 सितम्बर की सुबह करीब 7:10 बजे ग्राम बसईया, मुरैना स्थित मंदिर के पास से अभियुक्त संजीव निवासी जरेरूआ, थाना नूराबाद और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से अपहृत 5 माह का शिशु सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि महिला की शादी वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण वह पारिवारिक प्रताड़ना झेल रही थी। इसी दौरान वह सहअभियुक्त संजीव के साथ लिव-इन में रहने लगी। दोनों 5 सितम्बर को मथुरा घूमने आए थे और रेलवे स्टेशन के आसपास ठहरे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, किसी साधु द्वारा संतान योग बताए जाने के बाद दोनों ने बच्चा चुराने की साजिश रची। इसके बाद 8 सितम्बर को मथुरा रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 के बाहर सो रहे दंपति के पास से 5 माह के बच्चे को उठाकर दोनों मुरैना ले गए।
मामले की जांच में पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का पीछा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इस संबंध में थाना हाईवे पर मुकदमा संख्या 873/2026 धारा 137(2)/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार राठी, उपनिरीक्षक आनन्द सिंह, प्रदीप कुमार, आशीष मलिक समेत साइबर व सर्विलांस टीम के अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही।