मोहन भागवत के शुकतीर्थ दौरे को लेकर कड़ी सुरक्षा, 70 कमांडो तैनात
| कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के बीच जेड-प्लस सुरक्षा, हेलीपैड और पार्किंग व्यवस्था के साथ प्रशासन दोहरे आयोजन संभालने में जुटा है।
मोहन भागवत के 22-23 नवंबर के दो दिवसीय शुकतीर्थ दौरे व कार्तिक पूर्णिमा मेले से पूर्व सुरक्षा तैयारियां।
मुजफ्फरनगर की पावन तीर्थनगरी शुकतीर्थ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की जा रही है। 22 नवंबर को उनके आगमन से पहले पुलिस और प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। संघ प्रमुख की सुरक्षा के लिए आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 70 विशेष कमांडो तैनात किए जाएंगे। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने प्राचीन श्री शुकदेव आश्रम पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रस्तावित धार्मिक अनुष्ठानों पर चर्चा की। वहीं, एसएसपी सूरज कुमार राय ने आश्रम के ट्रस्टी ओमदत्त देव से संघ प्रमुख के दो दिवसीय प्रवास के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की बिंदुवार जानकारी ली। इसके आधार पर सुरक्षा रूट, आवागमन और प्रोटोकॉल की व्यवस्थाएं निर्धारित की जा रही हैं।
डॉ. मोहन भागवत को प्राप्त जेड-प्लस (Z+) श्रेणी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुकतीर्थ में सुरक्षा का व्यापक घेरा तैयार किया जा रहा है। इस सिलसिले में दिल्ली से पहुंची केंद्रीय सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 70 प्रशिक्षित कमांडो के अलावा भारी पुलिस बल भी तैनात रहेगा। वीवीआईपी आगमन को सुगम बनाने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप हेलीपैड निर्माण और बाहर से आने वाले वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की योजना भी तैयार कर ली गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संघ प्रमुख 22 नवंबर की शाम छह बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुकदेव आश्रम पहुंचेंगे। भागवत भूमि शुकतीर्थ में उनका प्रवास लगभग 22 घंटे का रहेगा। 22 नवंबर को आश्रम के समाधि मंदिर में शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल होंगे। इस दौरान मेरठ संभाग के नौ जिलों के संघ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। संघ के 10 पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके अलावा संघ के प्रमुख 10 नेताओं के साथ रात्रिभोज के दौरान भी चर्चा होगी।
23 नवंबर को डॉ. मोहन भागवत शुकदेव आश्रम में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। आश्रम में चल रही कथाओं के दौरान महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं से भी उनका संवाद होगा। इसी दिन शाम चार बजे उनकी रवानगी निर्धारित है। उनके लगभग 22 घंटे के प्रवास को लेकर तीर्थनगरी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
संघ प्रमुख का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां भी जारी हैं। 21 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान होगा। ऐसे में प्रशासन के सामने एक साथ दो बड़ी व्यवस्थाएं संभालने की चुनौती है।
एक ओर डॉ. मोहन भागवत की जेड-प्लस सुरक्षा, वीवीआईपी आवागमन और कार्यक्रम स्थलों की निगरानी सुनिश्चित करनी होगी, वहीं दूसरी ओर मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, गंगा घाटों की सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग और यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। पुलिस और प्रशासन दोनों आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों में जुटे हैं।