तस्वीर में पुलिसकर्मी घायल आरोपी को दोनों तरफ से सहारा देकर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में गुरुवार 10 सितंबर 2026 को तड़के चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायलावस्था में जिला अस्पताल मीरजापुर में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी भदोही और सोनभद्र जिले के बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली कटरा पुलिस टीम गुरुवार 10 सितंबर 2026 की भोर में जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने बाइक सवार दो नवयुवकों को रोकने का प्रयास किया। दोनों बिना रुके तेज गति से दुधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की तरफ भागने लगे।

पुलिस टीम ने दोनों तरफ से घेराबंदी की। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इस पर मुस्तैद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक युवक को गोली लगी और वह गिरकर कराहने लगा, जबकि दूसरा युवक पैदल भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस टीम ने मौके पर घायल युवक के पास जाकर उसका नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम सद्दाम उर्फ लखेन्दर, उम्र 34 वर्ष, पुत्र जलालुद्दीन, निवासी खुटहनियां, थाना कर्मा, जनपद सोनभद्र बताया। उसकी जामा तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा पैंट की जेब से पीली धातु की चेन बरामद हुई।

दूसरे युवक ने पूछताछ में अपना नाम फिरोज आलम, पुत्र कल्लू उर्फ कमालुद्दीन, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-10 गडही मोहल्ला चौधरी नगर घोसिया, थाना औराई, जनपद भदोही बताया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या UP63BK0713 भी मौके पर गिरी हुई हालत में मिली।

गोली लगने से घायल सद्दाम उर्फ लखेन्दर को इलाज के लिए जिला अस्पताल मीरजापुर भिजवाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को उन्होंने टीवीएस राईडर बाइक से नटवा तिराहे के पास एक बाइक सवार बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीन ली थी और वहां से भाग गए थे। पुलिस के मुताबिक, उसी छीनी गई चेन का कुछ टुकड़ा अभी आरोपियों के पास से बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सद्दाम उर्फ लखेन्दर का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ मीरजापुर के ही मड़िहान थाना में दो मुकदमे पंजीकृत हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में कटरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक, उप निरीक्षक महेन्द्र पटेल, चौकी प्रभारी मण्डी समिति मय पुलिस टीम तथा उप निरीक्षक लल्लन यादव, चौकी प्रभारी मुकेरी बाजार मय पुलिस टीम शामिल रहे। मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी से पुलिस ने 1 सितंबर को नटवा तिराहे के पास बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की घटना से जुड़े मामले का खुलासा किया है।

Tags: