तस्वीर में मीरजापुर के जंगल में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक युवक को रास्ते में रोककर जंगल में ले जाने और बेल्ट व डंडे से बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने वीडियो भी बनाया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया खुर्द निवासी मुमताज पुत्र मेंहदी हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र मोहम्मद सैफ 6 सितंबर को अपनी दीदी के घर राजपुर गया था। वहां से सुपर स्प्लेंडर बाइक से वापस लौटते समय सुखड़ा नहर बेलगवा पुल के पास उसके रिश्तेदार मामा के लड़के नौशाद पुत्र फरीद निवासी राजपुर, जाने आलम पुत्र बबलू, शहबान पुत्र गुलाम जाबिर, मन्नान पुत्र मेराज और मनीष पटेल निवासीगण लायन बेलन बरौंधा तथा तीन अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि शहबान और नौशाद जबरन मोहम्मद सैफ की बाइक पर बैठ गए और उसे मुरलिया जंगल ग्राम राजपुर में ले गए। वहां मौजूद सभी लोगों ने बारी-बारी से उसके साथ हाथ, बेल्ट और डंडे से मारपीट की। इस दौरान आरोपितों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया।

तहरीर के अनुसार आरोपितों ने मोहम्मद सैफ को धमकी दी कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो इससे भी बुरा अंजाम होगा और उसे जान से मार देंगे। घटना के बाद पीड़ित के पिता ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर थाना हलिया में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक घटनास्थल थाना हलिया से 08 किमी दक्षिण दिशा में है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पांच नामजद और तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक चरण सिंह यादव को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, लालगंज क्षेत्राधिकारी ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेकर कानून का मखौल उड़ाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में पुलिस की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Tags: