मिर्जापुर: अडानी पावर प्लांट के मैनेजर की ड्यूटी के दौरान मौत, काम का दबाव?
ददरी में निर्माणाधीन अडानी थर्मल पावर प्लांट के मैनेजर मधुकर की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, परिजनों और कर्मियों में डर का माहौल है।
तस्वीर में मिर्ज़ापुर अस्पताल परिसर में स्ट्रैचर पर ढका शव और पुलिसकर्मी खड़े दिख रहे हैं।
मिर्ज़ापुर। यूपी के मिर्ज़ापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित ददरी में निर्माणाधीन अडानी कंपनी के थर्मल पावर प्लांट में उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी के दौरान कार्यरत 45 वर्षीय मैनेजर मधुकर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। घटना के बाद प्लांट से जुड़े कर्मचारियों और परिचितों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार असम निवासी मधुकर (45) पुत्र बीफोअर मिर्ज़ापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित ददरी में निर्माणाधीन अडानी कंपनी के थर्मल पावर प्लांट में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। आज अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसों की डोर टूट चुकी थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि मधुकर की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है।
बताते चलें कि मड़िहान के ददरी में अडानी कंपनी के निर्माणाधीन थर्मल पॉवर प्लांट को लेकर शुरू से ही विरोध होता आया है। कंपनी पर पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी सहित जंगल को नष्ट करने का आरोप है। दूसरी ओर निर्माणाधीन प्लांट के अंदर अब तक श्रमिकों से लेकर कई लोगों की मौत का सिलसिला भी जारी होने से भय का माहौल देखा जा रहा है।
दबी जुबान चर्चा है कि पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी सहित कई बिंदुओं को लेकर मिर्ज़ापुर में अडानी कंपनी के निर्माणाधीन थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट का मामला सुप्रीम कोर्ट सहित एनजीटी में लंबित है। ऐसे में कंपनी के लोग इस प्रोजेक्ट को दिन-रात एक कर आपाधापी में जल्द से जल्द पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में काम का अत्यधिक बोझ, मानसिक दबाव सहित कई अन्य समस्याओं से जूझते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को देखा जा सकता है। हालांकि, कोई भी इस मसले पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं होता है।
निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट के अंदर कार्यरत एक श्रमिक ने नाम न छापे जाने की शर्त पर बताया कि अंदर काम और दबाव का बोझ दोनों है। कंपनी के लोग किसी भी सूरत में जल्द से जल्द पावर प्लांट को पूरा करने की होड़ में लगे हुए हैं और उन पर 'उपर' से दबाव है। मैनेजर मधुकर की ड्यूटी के बीच हुई अचानक मौत ने निर्माणाधीन प्लांट में काम के दबाव और कर्मचारियों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।