मीरजापुर के क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग से हादसा, 4 श्रमिकों की मौत
भगौतीदेई स्थित क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसने से हादसा हुआ, मलबे में दबने से सोनभद्र के चार मजदूरों ने जान गंवाई।
शनिवार की दोपहर मीरजापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौतीदेई स्थित एक क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसने से चार श्रमिक मलबे में दब गए। हादसे के बाद क्रशर क्षेत्र में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्लांट संचालक पिकप से मलबे में दबे चारों श्रमिकों को बाहर निकालकर आनन-फानन में इलाज के लिए अन्यत्र लेकर चला गया, जहां चारों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अन्य श्रमिकों के भी मलबे में दबे होने की आशंका को देखते हुए जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर तलाश अभियान शुरू कराया गया। उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम, थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि चारों श्रमिकों को प्लांट संचालक की ओर से उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा गांव निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन में कोहराम मच गया।
घटना के बाद क्रशर प्लांट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि क्रशर प्लांट में डग धंसने से चार श्रमिकों के दबने की सूचना मिली थी और चारों की मृत्यु हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।
मौके पर मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, डीआईजी पूनम और एसपी मौजूद हैं। प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने का अभियान और घटनाक्रम की जांच जारी है। हादसे में चार श्रमिकों की मौत के बाद क्रशर क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।