एटा में खेलते समय गिरा छह वर्षीय मासूम, गले में घुसी निर्माणाधीन मकान की सरिया
एटा के बाबली गांव में खेलते समय गिरे छह वर्षीय बच्चे के मुंह में कॉलम की सरिया घुसने से स्थिति गंभीर हो गई, जिसे सर्जरी के बाद निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
एटा के ग्राम बाबली में एक ग्रामीण घायल बच्चे को गोद में उठाए हुए खड़ा है।
एटा के बाबली गांव में दर्दनाक हादसा
जनपद एटा के थाना सकीट क्षेत्र के ग्राम बाबली में रविवार को एक हादसा सामने आया। ग्राम बाबली निवासी विनीत का करीब छह वर्षीय बच्चा रविवार को अन्य बच्चों के साथ निर्माणाधीन मकान के पास खेल रहा था। बताया जा रहा है कि खेलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। जिस स्थान पर बच्चा गिरा, वहीं मकान के कॉलम में लोहे की सरिया लगी हुई थी। गिरने के दौरान लोहे की सरिया उसके मुंह में जा घुसी और गले से मुंह तक आर-पार हो गई।
सरिया काटकर बच्चे को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद परिजनों को करीब 15 से 20 मिनट बाद घटना की जानकारी मिली। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो मासूम के मुंह में लोहे की सरिया फंसी हुई थी।
- परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल सरिया निकालने का प्रयास किया, लेकिन सरिया मजबूती से फंसी होने के कारण उसे खींचकर निकालना संभव नहीं हो सका।
- बच्चे की हालत बिगड़ती देख सरिया को काटने का इंतजाम किया गया और उसे काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया।
- परिजन बच्चे को तुरंत एटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों का बयान और निजी अस्पताल में सर्जरी
मामले को लेकर एटा मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सर्जन डॉ. अकबर से बात की थी, जिन्होंने जानकारी दी कि बच्चे के परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर चले गए।
इसके बाद परिजन बच्चे को एटा के अरुणा नगर स्थित मैक्सिलोफैशियल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के सर्जन डॉ. हिमांशु उपाध्याय ने बताया, "डेढ़ फुट आयरन रोड जो कि गर्दन से मुंह के ऊपर के जबड़े को चीरती हुई बाहर निकल गई, इससे दो तीन दांत टूट गए और जबड़े की हड्डी पीछे मायनर फ्रैक्चर हुई है, साथ ही बच्चों को हमने ऑपरेट करते हुए आईसीयू में एडमिड किया हे।"
घायल बच्चे के परिजन नितिन कुमार ने बताया कि बच्चा खेलते समय अचानक गिर गया था और सरिया काटकर उसे अस्पताल लाया गया, जहां अब उसका इलाज जारी है।