हरदोई गंगा एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त कार के पास पुलिसकर्मी जांच करते दिख रहे हैं।

हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। छठ महापर्व मनाने के लिए नोएडा से अपने गृह जनपद प्रयागराज जा रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी और दो मासूम बेटों की इस हादसे में जान चली गई। दुर्घटना सांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भटोली माफी गांव के पास एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 317 पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दंपती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों बच्चों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से प्रयागराज के मुड़ैरा निवासी सौरभ उपाध्याय एक सॉफ्टवेयर कंपनी चलाते थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ नोएडा में रह रहे थे। बुधवार को वे अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय और दो छोटे बेटों शिवओम तथा व्योम उपाध्याय के साथ छठ पूजा मनाने के लिए कार से प्रयागराज रवाना हुए थे। परिवार की यात्रा उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब उनकी कार गंगा एक्सप्रेस-वे पर हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र स्थित भटोली माफी गांव के समीप पहुंची। किलोमीटर संख्या 317 पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार सीधे कंक्रीट डिवाइडर से जा टकराई।

भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सौरभ उपाध्याय और उनकी पत्नी मेनका की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और एक्सप्रेस-वे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को तत्काल सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और बिलग्राम सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद शिवओम ने सांडी सीएचसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे बेटे व्योम उपाध्याय की मेडिकल कॉलेज हरदोई में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में परिवार के चारों सदस्यों की जान चली गई।

दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य में देरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद यूपीडा (UPEIDA) की पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस सहायता के लिए काफी देर से पहुंची। इस देरी से नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और एक्सप्रेस-वे पर खड़ी यूपीडा की गाड़ी को पलट दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही प्रयागराज में रहने वाले परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। छठ पूजा पर घर लौट रहे परिवार के चारों सदस्यों की मौत से हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में देरी के आरोपों और ग्रामीणों के विरोध ने एक्सप्रेस-वे पर आपातकालीन सहायता व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags: