हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र से 31 अक्टूबर से लापता अमित चौधरी, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला पदाधिकारी के 38 वर्षीय चचेरे भाई के तीन दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। युवक के अचानक गायब होने और मुजफ्फरनगर में निर्धारित पीईटी (PET) परीक्षा में शामिल नहीं होने के बाद परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

लापता युवक की पहचान सिंभावली थाना क्षेत्र के बक्सर गांव के झंडे वाले मोहल्ले निवासी अमित चौधरी (38) के रूप में हुई है। वह भाकियू के जिला सचिव प्रदीप चौधरी के चचेरे भाई हैं। प्रदीप चौधरी के अनुसार, अमित को आखिरी बार 31 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे घर से निकलते हुए पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।

अमित के लापता होने के बाद परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अमित शादीशुदा हैं और उनके तीन बच्चे हैं। लापता होने के अगले दिनों में उनकी मुजफ्फरनगर में पीईटी (PET) की परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन वह परीक्षा देने भी नहीं पहुंचे। परीक्षा केंद्र पर उनकी अनुपस्थिति से परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

बेटे के अचानक लापता होने से पिता जतन सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जतन सिंह ने सिंभावली थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और बेटे की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर तत्काल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अमित की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर लगाई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए भी उनका पता लगाने का प्रयास कर रही है। तीन दिनों से लापता अमित का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।

Tags: