कासगंज में चाऊमीन खाने के बाद 12 वर्षीय तनु की मौत, रामनवमी पर मंदिर गई थी किशोरी
कासगंज के मिरहची कस्बे की रहने वाली 12 वर्षीय तनु रामनवमी के मौके पर मां चामुंडा के दर्शन करने गई थी, जहां मेले में चाऊमीन खाने से उसकी सांस नली में खाना फंस गया और अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई।
तस्वीर में कासगंज के मिरहची कस्बे में मृतका तनु के घर के बाहर शोक व्यक्त करतीं और बैठी हुईं महिलाएं दिखाई दे रही हैं, जिनकी रामनवमी के मेले में चाऊमीन खाने से सांस नली में खाद्य पदार्थ फंसने के कारण मौत हो गई थी।
उत्तर प्रदेश के कासगंज में रामनवमी के अवसर पर मां चामुंडा के दर्शन करने गई 12 वर्षीय किशोरी तनु की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, मंदिर परिसर में चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद उसकी सांस नली में चाऊमीन फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल कासगंज के कलावती हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
कस्बा मिरहची निवासी शरद श्रीवास्तव का परिवार सोमवार को रामनवमी के अवसर पर मां चामुंडा के दर्शन करने कासगंज गया था। इससे पहले घर में कन्या-लांगुरों को भोजन कराया गया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य माता रानी के दर्शन करने के लिए रवाना हुए।
दर्शन करने के बाद परिवार के सदस्य मंदिर परिसर में लगे मेले में पहुंचे। यहां उन्होंने आइसक्रीम, चाऊमीन सहित अन्य खाद्य सामग्री खरीदी और खाई। परिजनों के अनुसार, चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद ही शरद श्रीवास्तव की 12 वर्षीय बेटी तनु की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि उसकी सांस नली में चाऊमीन फंस गई थी, जिसके बाद उसे सांस लेने में परेशानी हुई और उसकी हालत बिगड़ गई।
तनु की बिगड़ती हालत को देखते हुए परिजन आनन-फानन में उसे कासगंज के कलावती हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की अचानक मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे परिवार में मातम छा गया।
परिजनों ने बताया कि किशोरी के पिता शरद श्रीवास्तव के आने के बाद ही तनु का अंतिम संस्कार किया जाएगा। रामनवमी पर मां चामुंडा के दर्शन करने गई किशोरी की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।