तस्वीर में सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच करते पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।   

हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर (उत्तर प्रदेश): बहादुरगढ़-कुटी रोड पर अंडरपास के नीचे आज सवारियों से भरी ईको कार और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, ईको कार रजिस्ट्रेशन नंबर DL 8CU 9102 बृजघाट से सवारियां लेकर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के रास्ते बीबीनगर, जनपद बुलंदशहर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कुटी की तरफ से बहादुरगढ़ जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन नंबर DL 1SU 4194 से अंडरपास के नीचे उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार हसीन मिस्त्री पुत्र सदाकत, निवासी ग्राम दौताई, गढ़मुक्तेश्वर और सुमित पुत्र अनिल, निवासी ग्राम अटसैनी सैनी, थाना गढ़मुक्तेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पुलिस प्रशासन ने घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। फिलहाल मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Tags: