हापुड़ में डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग से मचा हड़कंप, कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें, दमकल की कई गाड़ियां तैनात
सूखे कचरे में आग लगने से उठा काले धुएं का गुबार, तेज हवा के कारण आसपास के इलाकों को एहतियातन खाली कराया जा रहा है।
रात के समय हापुड़ स्थित रामपुर रोड डंपिंग ग्राउंड में कचरे के ढेर से आग की लपटें और धुआं निकलता दिख रहा है।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर क्षेत्र में रामपुर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। डंपिंग ग्राउंड से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, डंपिंग ग्राउंड में जमा सूखे कचरे और कबाड़ में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। आग पिछले करीब एक घंटे से लगातार धधक रही है। इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही हैं। तेज हवा के कारण आग डंपिंग ग्राउंड के बड़े हिस्से में तेजी से फैलती जा रही है। इससे आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे हैं। हालांकि, डंपिंग ग्राउंड में कचरे के बड़े-बड़े ढेर होने के कारण आग पर काबू पाने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है, ताकि आग के फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि न हो। राहत की बात यह है कि फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
डंपिंग ग्राउंड में आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं और आसपास के इलाकों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर निगरानी बनाए हुए है।