हापुड़: गढ़ गंगा मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बैलगाड़ी-बुग्गियों से पहुंच रहे परिवार, दिखी ग्रामीण संस्कृति की झलक
हापुड़ में पारंपरिक अंदाज में तंबू लगाकर ठहरे परिवार, स्नान घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था।
हापुड़ के गढ़ गंगा मेले में बैरिकेडिंग के अंदर नदी में स्नान करते श्रद्धालु दिख रहे हैं।
हापुड़ (UP)। ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व वाले गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धा और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। हल्की ठंड के बावजूद आस्था का उत्साह कम नहीं हुआ है। श्रद्धालु सुबह करीब 4 बजे से ही हर-हर गंगे के जयघोष के साथ मां गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर देते हैं।
गढ़ गंगा मेले की विशेष पहचान इसकी सदियों पुरानी ग्रामीण परंपराएं हैं। यहां श्रद्धालु केवल धार्मिक स्नान के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के साथ मेले की परंपराओं को जीने पहुंच रहे हैं। कई परिवार रातों-रात मेला स्थल पर पहुंच रहे हैं। कोई पारंपरिक बैलगाड़ी और भैंसा-बुग्गी से तो कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों के माध्यम से कई किलोमीटर का सफर तय कर गंगा नगरी पहुंच रहा है।
मेले में पहुंचने के बाद परिवार अपने ठहरने के लिए अस्थायी आशियाने के रूप में तंबू तैयार करते हैं। मेला क्षेत्र में इस तरह अस्थायी गांव बस जाते हैं, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पूरा परिवार एक साथ समय बिताता है। कहीं मिट्टी के चूल्हे पर पारंपरिक भोजन पकाया जा रहा है तो कहीं परिवार के सदस्य एक साथ बैठकर खुशियां साझा करते नजर आ रहे हैं। मेले में दिखाई दे रहे ये दृश्य ग्रामीण जीवनशैली, पारिवारिक एकजुटता और पुरानी परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश कर रहे हैं।
मेले में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्नान घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्नान घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाए गए हैं, ताकि उन्हें स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गंगा में गहरे पानी वाले स्थानों पर किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग की गई है। इन स्थानों पर खतरे के संकेत भी दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को निर्धारित सीमा से आगे नहीं जाने की हिदायत दी जा रही है, जिससे स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
वहीं, पूरे मेला क्षेत्र और प्रमुख स्नान घाटों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से मेले के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
गढ़ गंगा मेला केवल धार्मिक स्नान का आयोजन नहीं, बल्कि परिवार, ग्रामीण संस्कृति और आस्था का महासंगम भी है। हापुड़ प्रशासन और मेला आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार के साथ मेले का आनंद लें और गंगा घाटों पर निर्धारित सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें। श्रद्धालुओं से गहरे पानी में जाने से बचने और मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि सभी श्रद्धालु मेले से सुखद यादें लेकर सुरक्षित अपने घर लौट सकें।