हापुड़ के किडजी स्कूल में मनाया गया ब्लू कलर डे, नीली वेशभूषा में बच्चों ने दिखाई अनोखी रचनात्मकता
किडजी स्कूल में बच्चों ने नीले रंग की थीम पर आधारित अनोखी वेशभूषा पहनकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया और विभिन्न आकृतियों में नजर आए।
हापुड़ के किडजी स्कूल में ब्लू कलर डे पर बच्चे और शिक्षक नजर आ रहे हैं।
हापुड़ (UP)। बच्चों को रंगों की पहचान कराने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किडजी स्कूल हापुड़ में ब्लू कलर डे (नीला रंग दिवस) धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्नों ने नीले रंग की आकर्षक और अनोखी वेशभूषा धारण कर अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। बच्चों के उत्साह और विभिन्न रूपों ने स्कूल परिसर को नीले रंग की छटा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की प्रधानाचार्य प्रीति सिंघल ने किया। इस अवसर पर बच्चों ने नीले रंग के अलग-अलग परिधान पहनकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। कोई बच्चा नीले बादल के रूप में नजर आया तो किसी ने मछली और डॉल्फिन का रूप धारण किया। वहीं, कुछ बच्चे बच्चों के पसंदीदा कार्टून डोरेमॉन की वेशभूषा में पहुंचे। इसके अलावा बच्चों ने जहाज, छतरी, गुब्बारा, पतंग, कप, कार और बस जैसी विभिन्न आकृतियों का रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे-मुन्नों ने अपनी मासूम अदाओं के साथ अपनी-अपनी वेशभूषा का परिचय भी दिया।
आयोजन को खास बनाने में अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही। उन्होंने ब्लू कलर डे की थीम के अनुरूप बच्चों को आकर्षक ढंग से तैयार किया और उनके लिए रचनात्मक पोशाकों की व्यवस्था की।
बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रधानाचार्य प्रीति सिंघल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों को विभिन्न रंगों के महत्व को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती है। ये गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की उप-प्रधानाचार्य अंशु धमीजा सहित शिक्षिकाओं वंशिका, दीपा, मनमीत, रितु, पलक, रूपसी और दीक्षा का विशेष योगदान रहा। अंत में स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी बच्चों और उनके अभिभावकों की सराहना की।