हापुड़ में राकेश त्यागी फिर बने कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच हुआ भव्य स्वागत
शीर्ष नेतृत्व के फैसले से गदगद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कांग्रेस कार्यकर्ता हापुड़ के बुलंदशहर रोड पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी को फूलों की माला पहनाकर स्वागत कर रहे हैं।
हापुड़ में कांग्रेस संगठन की कमान एक बार फिर राकेश त्यागी को सौंपे जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा राकेश त्यागी को पुनः हापुड़ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने बुलंदशहर रोड स्थित सोना पेट्रोल पंप पर एकत्रित होकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
जिलाध्यक्ष के रूप में दोबारा नियुक्ति की सूचना मिलते ही जनपद भर से कांग्रेस कार्यकर्ता स्वागत स्थल पर पहुंचने लगे। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर अपनी खुशी जाहिर की और राकेश त्यागी को फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान उन पर पुष्प वर्षा भी की गई। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नियुक्ति का जश्न मनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिंदाबाद और राकेश त्यागी जिंदाबाद के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
स्वागत समारोह में मिले समर्थन से अभिभूत राकेश त्यागी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। साथ ही पार्टी की जनहितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी को साथ लेकर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद राकेश त्यागी ने शहर में स्थित महापुरुषों की विभिन्न प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राकेश त्यागी के अनुभव, सरल स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके पुनः जिलाध्यक्ष बनने से जनपद में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पिलखुवा नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, पूर्व नगर अध्यक्ष पिलखुवा मदन सिंह चौहान, जिला महासचिव एवं मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, सोशल मीडिया प्रभारी मनीष त्यागी, रामप्रसाद जाटव, मोहम्मद नफीस, सुखपाल गौतम, कुसुमलता, सविता गौतम, हाजी नौशाद, एडवोकेट रघुवीर सिंह, एडवोकेट शहजादा चौधरी, लाल बहादुर, एडवोकेट फुरकान, मोहम्मद सैफी, अजीत शर्मा, सरफराज मलिक, आमिर मलिक, आदेश शर्मा, सुधीर शर्मा, साहिल सैफी, मोहम्मद परवेज, जयपाल सिंह, योगेश शर्मा, मूलचंद सक्सेना, प्रवीण शर्मा, कपिल शर्मा, सुशांत सिंह, शादाब सैफी, मुरसलीन चौधरी, आई.सी. शर्मा, डालचंद सिंह, पदम सिंह साहनी, तुषार शास्त्री, सौरभ शर्मा और पाषाण कौशिक सहित विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। इनके अलावा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और सेवादल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
राकेश त्यागी की पुनर्नियुक्ति के बाद हुए इस स्वागत समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने हापुड़ में कांग्रेस संगठन के प्रति उनके समर्थन को प्रदर्शित किया। वहीं, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।