हापुड़ के गढ़ गंगा मेले में ऊंटों की शाही सवारी बनेगी आकर्षण, गंगा स्नान के साथ मिलेगा देसी मनोरंजन
गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा मेले में पारंपरिक वस्त्रों व आभूषणों से सजे ऊंट पहुंचे हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को ग्रामीण संस्कृति की झलक मिल रही है।
ऊंट गाड़ी चलाता एक युवक गढ़ गंगा मेला परिसर में पारंपरिक सवारी की तैयारी के संदर्भ में दिख रहा है।
गढ़मुक्तेश्वर स्थित ऐतिहासिक गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक मनोरंजन का भी अनूठा अनुभव मिल रहा है। मेले की रौनक बढ़ाने के लिए अब ऊंटों का पहुंचना शुरू हो गया है। इससे गंगा स्नान के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र स्नान के साथ ऊंट की सवारी का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
मेला परिसर में लाए जा रहे ऊंटों को पारंपरिक अंदाज में सजाया जा रहा है। रंग-बिरंगे वस्त्रों, घंटियों और पारंपरिक आभूषणों से सजे ऊंट मेले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेंगे। इनके मेला क्षेत्र में निकलने पर श्रद्धालुओं को पारंपरिक सवारी का नजारा देखने को मिलेगा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में ऊंट की सवारी को लेकर खास उत्साह दिखाई दे रहा है।
गढ़ गंगा का पौराणिक मेला केवल धार्मिक आस्था और गंगा स्नान तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां भारतीय ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिल रही है। मेला परिसर में एक ओर पारंपरिक बैलगाड़ियां और भैंसा-बुग्गी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर ऊंटों की सवारी मेले की रौनक बढ़ा रही है।
मेले में दिखाई दे रहा यह पारंपरिक ग्रामीण परिवेश लोगों को पुराने समय के जीवन और उसकी लोक परंपराओं की याद दिला रहा है। इस तरह गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेला धार्मिक आयोजन के साथ ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक सवारियों और मनोरंजन का भी संगम बन रहा है।