हापुड़: हाफिजपुर थाने में 15 सीज और लावारिस वाहनों की हुई नीलामी
परिसरों को स्वच्छ रखने और निस्तारण प्रक्रिया में तेजी के उद्देश्य से हुई बोली में 1.65 लाख रुपये का राजस्व मिला।
तस्वीर में पुलिस अधिकारी कमरे में बैठे लोगों के साथ बैठक करते दिख रहे हैं।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ पुलिस ने थानों में लंबे समय से खड़े लावारिस और सीजशुदा वाहनों के निस्तारण को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में 22 सितंबर 2026 को थाना हाफिजपुर पुलिस ने “लम्बित वाहन निस्तारण अभियान” के तहत थाना परिसर में खड़े 15 लम्बित माल, लावारिस एवं सीजशुदा दोपहिया वाहनों का नियमानुसार सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से निस्तारण कराया।
पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुँवर ज्ञानंजय सिंह के कुशल निर्देशन में हापुड़ पुलिस द्वारा अपराधों पर नियंत्रण और थानों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत थाना हाफिजपुर परिसर में वर्ष 2024 से 2025 तक के विभिन्न अभियोगों से सम्बन्धित कुल 15 लम्बित माल, लावारिस एवं सीजशुदा दोपहिया वाहनों की सार्वजनिक नीलामी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
नीलामी में सभी 15 दोपहिया वाहनों को बोलीदाताओं की उपस्थिति में नियमानुसार सार्वजनिक रूप से नीलाम किया गया। इस दौरान बोलीदाताओं द्वारा सबसे ऊंची बोली 1,65,000 रुपये (एक लाख 65 हजार रुपये) लगाई गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य थाना परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना तथा लंबे समय से लंबित सीज एवं लावारिस वाहनों का कानूनी प्रक्रिया के तहत त्वरित निस्तारण करना है। नीलामी के दौरान पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में स्थानीय बोलीदाता उपस्थित रहे।
इस कार्रवाई के साथ थाना हाफिजपुर परिसर में लंबे समय से लंबित पड़े 15 दोपहिया वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई।