तस्वीर में पुलिस कर्मी दुकान के अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ करते दिख रहे हैं।

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के किदवई नगर स्थित सर्विस रोड के समीप देसी शराब की दुकान में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। छत की ओर बने दरवाजे को तोड़कर दुकान में दाखिल हुए चोर करीब 1.20 लाख रुपये की नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैन को चोरी की जानकारी हुई। उसने तत्काल अनुज्ञापिनी को घटना की सूचना दी। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोर दुकान में लगे तीन सीसीटीवी कैमरे, टीवी, सरकारी स्कैनर समेत अन्य सामान भी उठा ले गए। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए सामान और नकदी को मिलाकर कुल नुकसान करीब दो लाख रुपये बताया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कस्बा इंचार्ज तरुण कश्यप ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास जारी है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही है।

Tags: