स्वेच्छा से विवाह के बाद मायके पक्ष से खतरे की आशंका जताते हुए जोड़े ने हापुड़ में सुरक्षा की मांग की।

हापुड़ में प्रेम विवाह के बाद एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। अमरोहा जिले की रहने वाली युवती ने हापुड़ के युवक से अपनी मर्जी से शादी करने के बाद मायके पक्ष से जान-माल का खतरा जताया है। युवती ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ को प्रार्थना पत्र सौंपकर संभावित विवाद और कानूनी कार्रवाई से सुरक्षा दिलाने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र (इत्तिला पेशबंदी) के अनुसार, अमरोहा जिले के धनौरा क्षेत्र के ग्राम महमदी (कौलारा) निवासी सुरभि, जिसकी जन्मतिथि 04.07.2004 है, ने स्वयं को बालिग बताते हुए कहा है कि उसने 19 नवंबर 2026 को हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छपरौली निवासी दीपक सिंह के साथ विवाह किया है। दोनों ने दिल्ली स्थित 'सनातन वैदिक समाज कल्याण संस्था' में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी की। विवाह से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

युवती ने अपने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया है कि विवाह के दौरान वह मायके से कोई नकदी या सोने-चांदी के आभूषण लेकर नहीं आई थी। वह केवल अपने पहने हुए कपड़ों में घर से निकली थी। उसने अपहरण, लालच या किसी प्रकार के दबाव में शादी करने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने अपनी स्वतंत्र इच्छा से दीपक सिंह के साथ विवाह किया है। युवती के मुताबिक, वह अपने पति और ससुराल पक्ष के साथ खुश है।

सुरभि ने आशंका जताई है कि प्रेम विवाह से नाराज होकर उसके परिवार या मायके पक्ष के लोग उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ थाने में झूठी लिखित अथवा मौखिक शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए उसने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि भविष्य में मायके पक्ष की ओर से की जाने वाली किसी भी शिकायत को शून्य माना जाए।

युवती ने अपने प्रार्थना पत्र को पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज करने के साथ ही संबंधित थाने को नवविवाहित जोड़े और उसके ससुराल पक्ष की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की है। प्रेम विवाह के बाद सामने आई इस सुरक्षा संबंधी गुहार में युवती ने अपनी शादी को स्वेच्छा से लिया गया निर्णय बताते हुए संभावित शिकायतों और परिवार की नाराजगी से संरक्षण मांगा है।

Tags: